Madhubani News: झंझारपुर थाना क्षेत्र की नगर परिषद इलाके की रहने वाली 12 और 13 वर्ष की दो नाबालिग छात्राएं दिल्ली का लालकिला देखने की चाहत में घर से निकल गईं. जेब में महज 400 रुपये लेकर दोनों बस से दरभंगा पहुंचीं और वहां से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एस-6 कोच में बिना टिकट सवार हो गईं. झंझारपुर पुलिस और जीआरपी की सतर्कता से दोनों छात्राओं को छपरा स्टेशन पर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया.
Jhanjharpur News: सहेली से पूछताछ में मिला अहम सुराग
गुरुवार शाम दोनों छात्राओं के लापता होने के बाद परिजनों ने झंझारपुर थाना में सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने तत्काल दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया और पुलिस नेटवर्क के माध्यम से प्रसारित कराईं. जांच के दौरान उनकी एक सहेली ने बताया कि दोनों ने उसे भी दिल्ली चलकर लालकिला घूमने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उसके मना करने पर वे वहां से चली गई थीं.
जीआरपी की सतर्कता से छपरा में मिलीं छात्राएं
इस सूचना के बाद पुलिस ने दरभंगा जीआरपी समेत अन्य रेलवे पुलिस इकाइयों को दोनों छात्राओं की तस्वीरें भेजीं. सीतामढ़ी में तलाश के दौरान ट्रेन आगे निकल चुकी थी. बाद में रनिंग जीआरपी ने छपरा के पास ट्रेन में दोनों छात्राओं की पहचान की. वीडियो कॉल के माध्यम से पहचान की पुष्टि होने के बाद उन्हें सुरक्षित छपरा स्टेशन पर उतार लिया गया. सूचना मिलने पर परिजन वहां पहुंचे और दोनों छात्राओं को अपने साथ लेकर झंझारपुर लौट आए.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों छात्राओं ने लालकिला घूमने के उद्देश्य से दिल्ली जाने की बात स्वीकार की है. फिलहाल किसी आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: NH-27 अंडरपास पर पलटा 16 चक्का ट्रक, 50 फीट ऊंचे पुल से लटकने से टला बड़ा हादसा
