Madhubani Accident News: झंझारपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली स्थित लौकहा रेलवे अंडरपास एनएच-27 पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया. फारबिसगंज से लखनऊ जा रहा 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसका आधा हिस्सा करीब 50 फीट ऊंचे पुल से लटक गया. ट्रक में लदा 31 टन मकई सड़क पर बिखर गया. प्रोटेक्शन वॉल के कारण ट्रक नीचे गिरने से बच गया.
Jhanjharpur News: सांड को बचाने में हुआ हादसा
ट्रक चालक लखनऊ निवासी श्रवण ने बताया कि कन्हौली अंडरपास के पास अचानक एक सांड सामने आ गया. उसे बचाने के प्रयास में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया. पीछे से आ रहे दूसरे वाहन के चालक ने शीशा तोड़कर ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला. हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं.
सड़क पर बिखरी 31 टन मकई, बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद ट्रक में लदे मकई के सैकड़ों बोरे करीब 50 फीट नीचे सर्विस रोड पर गिर गए. अनाज सड़क पर फैल जाने से कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर झंझारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी व क्रेन की मदद से मकई हटवाकर ट्रक को सड़क से हटाया. इसके बाद आवागमन सामान्य कराया गया.
पुल की दीवार क्षतिग्रस्त, जांच शुरू
हादसे में पुल की प्रोटेक्शन वॉल और लोहे का बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि सुरक्षा दीवार नहीं होती तो ट्रक सीधे नीचे गिर सकता था. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक और उसमें लदे सामान को जब्त कर लिया गया है. चालक से पूछताछ की जा रही है. क्षतिग्रस्त प्रोटेक्शन वॉल की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें: संदीप विश्वविद्यालय में चेयरमैन के जन्मदिन पर लगेगा मेगा मेडिकल कैंप, होगा रक्तदान
