टोनी कुमारी ने झंझारपुर एसडीएम का पदभार संभाला

टोनी कुमारी ने झंझारपुर की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पदभार संभाला है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी.

Madhubani News: झंझारपुर की डीसीएलआर टोनी कुमारी ने मंगलवार शाम झंझारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) का पदभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान एसडीएम कुमार गौरव से विधिवत प्रभार लिया और आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर पदभार ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की.

अधिकारियों और कर्मियों से मांगा सहयोग

पदभार ग्रहण के दौरान डीसीएलआर एवं एसडीएम कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. इस अवसर पर टोनी कुमारी ने अधिकारियों और कर्मियों से पूर्व की कार्य संस्कृति को बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा जताई. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी और वे जनहित से जुड़े मामलों के प्रति हमेशा तत्पर रहेंगी.

राजस्व कार्यों में निभाई अहम भूमिका

टोनी कुमारी पिछले एक वर्ष से अधिक समय से झंझारपुर अनुमंडल में डीसीएलआर के पद पर कार्यरत थीं. इस दौरान उन्होंने राजस्व मामलों, भूमि विवादों के निपटारे और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके कार्यकाल में पारदर्शिता और फाइलों के त्वरित निष्पादन को लेकर उनकी सराहना होती रही है.

लंबित मामलों के जल्द निपटारे की उम्मीद

प्रशासनिक हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में अनुमंडल के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गति मिलेगी.

उल्लेखनीय है कि पूर्व एसडीएम कुमार गौरव का तबादला कर उन्हें दरभंगा सदर का एसडीएम बनाया गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >