भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, प्रतिबंधित दवाएं, नकदी और सोना-चांदी बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है. संयुक्त टीम ने छापेमारी कर प्रतिबंधित दवाओं, नकदी, सोना और चांदी बरामद की है. इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है.

Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 18वीं वाहिनी, लदनियां थाना पुलिस, उत्पाद विभाग और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, नकदी तथा सोना-चांदी बरामद किया है.

सीमा स्तंभ 264/19 के पास हुई कार्रवाई

संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा स्थित सीमा स्तंभ संख्या 264/19 के निकट भारतीय क्षेत्र में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित और नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ.

भारी मात्रा में दवाएं और नकदी जब्त

छापेमारी में 1,005 बोतल कोडीन कफ सिरप, 5,376 स्पास्मोप्रॉक्सीवॉन कैप्सूल और 2,400 नाइट्राज़ेपाम टैबलेट बरामद की गईं. इसके अलावा 4.30 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, 4.50 लाख रुपये नेपाली मुद्रा, 24.940 ग्राम सोना और 1.69 किलोग्राम चांदी भी जब्त की गई.

दो तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. उनकी पहचान ललित कुमार यादव (47 वर्ष), निवासी लदनियां, तथा परमजीत मंडल (19 वर्ष), निवासी सिरहा (नेपाल), के रूप में हुई है.

पुलिस को सौंपे गए आरोपी

संयुक्त टीम ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों तथा जब्त किए गए सभी सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लदनियां थाना के हवाले कर दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >