जयनगर: 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), जयनगर के समवाय मुख्यालय कमला की नाका पार्टी ने सूचना के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 585 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गये.
बाबा कुट्टी के पास डंप की जा रही थी शराब
एसएसबी की नाका पार्टी अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ से करीब 400 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में बाबा कुट्टी के पास निगरानी कर रही थी. इसी दौरान जवानों ने कुछ लोगों को नेपाल से भारत की ओर बोरी में सामान लाकर डंप करते देखा.
इसके बाद नाका पार्टी ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की. इस दौरान एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य तस्कर मौके से भागने में सफल रहे.
पांच बैग से मिली 585 लीटर नेपाली शराब
मौके पर डंप की गयी बोरियों की तलाशी लेने पर नेपाली देसी शराब की 1920 बोतल बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 576 लीटर बतायी गयी. इसके अलावा बीआरआईएक्स-30 की 30 बोतलें, कुल 9 लीटर, बरामद की गयीं. इस तरह कुल 585 लीटर नेपाली शराब जब्त की गयी.
गिरफ्तार व्यक्ति के कब्जे से 28,300 रुपये भारतीय मुद्रा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बतायी सप्लाई की जानकारी
एसएसबी के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की पहचान प्रवीण कुमार, निवासी बलडीहा, डाकघर एवं थाना जयनगर, जिला मधुबनी के रूप में हुई है.
प्रारंभिक पूछताछ में प्रवीण कुमार ने बताया कि शराब इनरवा, नेपाल स्थित रामकुमार नामक शराब दुकान से खरीदकर भारतीय क्षेत्र में दुल्लीपट्टी निवासी जितेंद्र यादव को डिलीवर करनी थी.
आरोपी को जयनगर थाना पुलिस को सौंपा
एसएसबी ने बरामद शराब, नकदी और मोबाइल फोन की जब्ती सूची तैयार करने के साथ गिरफ्तार आरोपी से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पूरी की. इसके बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि एसएसबी भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार सतर्क एवं प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें
मधुबनी: लोहट में नयी चीनी मिल के लिए विधायक माधव आनंद ने मुख्यमंत्री को सौंपा प्रतिवेदन
