Madhubani: कागज पर हटे 50 स्पीड ब्रेकर, सड़क पर आज भी जस की तस स्थिति

अंधराठाढ़ी प्रखंड में ग्रामीण कार्य विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। धकजरी से सहुरिया चौक तक 50 अवैध स्पीड ब्रेकर हटाने के विभागीय दावे के दो महीने बाद भी हकीकत जस की तस है। विभाग ने कार्रवाई का पत्र तो जारी किया, लेकिन सड़क से एक भी गति अवरोधक नहीं हटाया गया है।

Madhubani News: अंधराठाढ़ी प्रखंड में ग्रामीण कार्य विभाग की जन शिकायतों के निबटारे की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. धकजरी से सहुरिया चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर बने करीब 50 अवैध स्पीड ब्रेकर हटाने का विभागीय दावा दो महीने बाद भी धरातल पर नजर नहीं आ रहा है. कार्रवाई का पत्र जारी होने के बावजूद सड़क से एक भी गति अवरोधक नहीं हटाया गया है.

कार्रवाई के पत्र के दो महीने बाद भी स्थिति जस की तस

धकजरी से सहुरिया चौक तक जाने वाले मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने कथित तौर पर नियमों की अनदेखी कर जगह-जगह करीब 50 ऊंचे स्पीड ब्रेकर बना दिए थे. इनसे राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है.

इस मामले में ग्रामीण सचिन हिंदुस्तानी ने बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत के बाद ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता ने 30 जून 2026 को पत्र जारी किया था.

पत्र में विभाग ने सड़क पर अनधिकृत रूप से स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की बात स्वीकार करते हुए इन्हें हटाने की कार्रवाई किए जाने का दावा किया था.

जियोटैग फोटो में भी दिखाई गयी कार्रवाई

विभाग की ओर से एक मजदूर द्वारा स्पीड ब्रेकर तोड़े जाने की जियोटैग तस्वीर भी कार्रवाई के प्रमाण के तौर पर संलग्न की गयी थी. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्रवाई केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित रही.

ग्रामीणों के अनुसार एक स्थान पर मजदूरों को बुलाकर स्पीड ब्रेकर तोड़ने की तस्वीर खींची गयी और उसके बाद काम बंद कर दिया गया. इसके बाद सड़क पर बने बाकी सभी अवैध गति अवरोधक आज भी मौजूद हैं.

रात में हादसे का बना रहता है खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर खासकर रात के समय परेशानी का कारण बन रहे हैं. मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहनों और स्कूल वाहनों को भी इनसे काफी दिक्कत होती है.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई का दावा तो किया गया, लेकिन समस्या का वास्तविक समाधान नहीं हुआ.

विभाग बोला, अनुरक्षण से बाहर है सड़क

इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि फिलहाल यह पथ अनुरक्षण से बाहर है. उन्होंने बताया कि जैसे ही किसी एजेंसी की बहाली होगी, सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर को हटा दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें

26 से 30 अगस्त तक झमाझम बारिश का पूर्वानुमान, उत्तर बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shiv kumar mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >