Madhubani News: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बिहार एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 109 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.
नाकाबंदी के दौरान दबोचा गया तस्कर
जानकारी के अनुसार, 48वीं वाहिनी एसएसबी, जयनगर की डी समवाय, बाह्य सीमा चौकी फुलहर को तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद संयुक्त टीम ने फुलहर पेट्रोल पंप के समीप नाकाबंदी की.
बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर चार बोरियों में सामान लेकर नेपाल से भारत की ओर आता दिखाई दिया. पुलिस और एसएसबी की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा. हालांकि जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया.
चार बोरियों में मिला 109 किलो गांजा
तलाशी के दौरान चार बोरियों से कुल 109 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. इसके अलावा एक मोबाइल फोन और ईयरबड्स भी जब्त किए गए.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा की खेप नेपाल से भारत लाकर आगे सप्लाई की जानी थी.
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
संयुक्त टीम ने गिरफ्तार आरोपी और जब्त सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए हरलाखी थाना पुलिस को सौंप दिया है.
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
