Madhubani News: श्रावणी मेला को लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की ओर से भैरवा शिव मंदिर (बिस्फी), कपिलेश्वर महादेव मंदिर (रहिका) और उग्रनाथ महादेव मंदिर (भवानीपुर, पंडौल) में शौचालय निर्माण और पेयजल व्यवस्था का कार्य तेजी से चल रहा है.
तीनों प्रमुख शिवालयों में बन रही सुविधाएं
विभाग के सहायक अभियंता बदीउज्जमा ने बताया कि मधुबनी प्रमंडल के तीनों प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रावणी मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो.
कहां कितनी होगी व्यवस्था
सहायक अभियंता के अनुसार भैरवा शिव मंदिर, बिस्फी में 30 चलंत शौचालय और एक वीआईपी शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है. यहां पांच चापाकलों में मोटर लगाकर 20 नल लगाए जा रहे हैं.
कपिलेश्वर महादेव मंदिर, रहिका परिसर में चार चापाकलों में मोटर लगाकर 15 नल लगाए जाएंगे.
उग्रनाथ महादेव मंदिर, भवानीपुर (पंडौल) में 15 चलंत शौचालय, एक वीआईपी शौचालय तथा चार चापाकलों के माध्यम से 15 नल लगाने का कार्य किया जा रहा है.
हर सोमवारी को रहेगा पानी का टैंकर
सहायक अभियंता ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान प्रत्येक सोमवारी को तीनों शिवालयों में पेयजल के लिए पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा सभी प्रखंडों के कनीय अभियंताओं को रविवार शाम से सोमवार शाम सात बजे तक संबंधित शिवालयों में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें: विरोध-प्रदर्शन को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
