Madhubani News: मधुबनी जिला के झंझारपुर प्रखंड की काको पंचायत के वार्ड 10 में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे एक घर में भीषण आग लग गई. रात के समय जब सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग भड़क उठी. जब तक पीड़ित परिवार के लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Short Circuit Fire: मखान बेचकर रखे 50 हजार नकद जले
पीड़ित रामचंद्र मुखिया ने बताया कि आग की चपेट में आने से घर में रखा सारा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. घर में एक पेटी में 50 हजार रुपये नकद रखे थे, जो हाल ही में मखान बेचने से मिले थे. इसके अलावा घर में रखे 10 थान जाजिम, खाने-पीने का पूरा सामान, नए कपड़े, बर्तन और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री भी जल गई. ग्रामीणों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर से किसी भी सामान को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका.
गनीमत रही कि टल गया बड़ा हादसा
इस भयानक अग्निकांड में गनीमत यह रही कि समय रहते लोग जाग गए और किसी तरह की जानहानि नहीं हुई, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था. शोर सुनकर आसपास के दर्जनों लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था. घटना की सूचना स्थानीय चौकीदार के माध्यम से तुरंत अंचल प्रशासन को दी गई. पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया.
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित गरीब परिवार को आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है. इस संबंध में अंचल अधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार झा ने कहा कि घटना की सूचना मिल गई है. राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर मामले की पूरी जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी
यह भी पढ़ें... तीज को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल, खोवा ,पिड़ुकिया और खजूर की बढ़ी मांग
