बेनीपट्टी के जनसहयोग शिविर में राशन कार्ड की समस्या का ऑन द स्पॉट समाधान, जानिए किन मुद्दों पर हुई सुनवाई

सलहा पंचायत में आयोजित जनसहयोग शिविर में ग्रामीणों ने जल संकट, ठप पड़ी नल-जल योजनाओं और बिजली के झूलते तारों जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित समाधान का भरोसा दिया.

Madhubani News: बेनीपट्टी प्रखंड की सलहा पंचायत में मुखिया रीझन ठाकुर की अध्यक्षता और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महेश्वर पंडित की उपस्थिति में मंगलवार को जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में जल संकट, फ्लॉप पड़ी नल-जल योजना, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, बिजली के झूलते तार, सड़क निर्माण, पीएम आवास योजना और कृषि विभाग से जुड़ी कुल दो दर्जन से अधिक शिकायतें व आवेदन जमा हुए.

राशन कार्ड से जुड़े मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन

शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने मामलों की त्वरित सुनवाई की. बीडीओ महेश्वर पंडित और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में राशन कार्ड से संबंधित कई शिकायतों का मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) निष्पादन कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली. अधिकारियों ने शेष आवेदनों की जांच कर जल्द से जल्द समाधान करने का भरोसा दिया.

चापाकल सूखे, नल-जल योजना ठप, गहराया जल संकट

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में सबसे अधिक शिकायतें पेयजल और सिंचाई संकट से जुड़ी आईं. ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण अधिकांश चापाकल सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं. पंचायत में एक भी नल-जल योजना सुचारू रूप से नहीं चल रही है. निजी बोरिंग से भी बेहद कम मात्रा में पानी निकल रहा है, जिससे पीने के पानी के साथ-साथ फसलों की सिंचाई की समस्या बेहद गंभीर हो गई है.

खेतों में झूल रहे 11 केवी के तार, उखड़ी सड़क से आवाजाही ठप

पेयजल के अलावा ग्रामीणों ने पंचायत के वार्ड नंबर 9, 10 और 11 में खेतों के ऊपर बेहद नीचे झूल रहे 11 हजार वोल्ट के तारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. ग्रामीणों ने चेताया कि यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है. वहीं, खुटौना से सलहा पंचायत सरकार भवन तक जाने वाली आरईओ सड़क को उखाड़कर छोड़ दिए जाने पर भारी नाराजगी जताई गई. सड़क निर्माण अधूरा रहने से लोगों की दैनिक आवाजाही काफी प्रभावित हो रही है.

अधिकारियों का हुआ सम्मान, त्वरित कार्रवाई का मिला आश्वासन

कार्यक्रम की शुरुआत में शिविर में पहुंचे सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पाग और दोपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय कर्मियों को समयबद्ध तरीके से समाधान के निर्देश दिए. शिविर में पीएचसी प्रभारी डॉ पीएन झा, विद्युत एसडीओ राहुल कुमार, बीसीओ सुरेश राम, मुखिया रीझन ठाकुर, पंचायत सचिव अजय कुमार राय, राजस्व कर्मचारी विकास कुमार यादव, पीआरएस खुशीलाल साह, एलएस सपना कुमारी व किसान सलाहकार विजय कुमार साह समेत कई अन्य प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें:स्नातक सत्र 2026-30 में दाखिले के लिए चौथी मेरिट लिस्ट जारी, 22 से 25 जुलाई तक नामांकन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dhananjay kumar dhir

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >