Madhubani News: मधुबनी जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सहायता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. महिला एवं बाल विकास निगम बिहार के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर के नवनिर्मित भवन का भव्य शुभारंभ किया गया. जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने फीता काटकर इस नए भवन का औपचारिक उद्घाटन किया. इस मौके पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और महिला विकास निगम की पूरी टीम मौजूद रही.
women safety Madhubani: एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई तरह की सरकारी सुविधाएं
उद्घाटन समारोह के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, इसके मुख्य उद्देश्यों और महिलाओं को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित और संकटग्रस्त महिलाओं को चिकित्सीय सहायता, कानूनी सलाह, पुलिस सहायता, एफआईआर दर्ज कराने में सहयोग, मनो-सामाजिक परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आश्रय जैसी सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी.
बिना किसी संकोच के सहायता प्राप्त करें महिलाएं: डीएम
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने जिले की सभी महिलाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या संकट की स्थिति में बिना किसी संकोच के सखी वन स्टॉप सेंटर से संपर्क कर सकती हैं. उन्होंने घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, मानव तस्करी या अन्य किसी भी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं से आगे आकर इन सरकारी सहायता सेवाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की है. नए भवन के शुरू होने से महिलाओं को अब सहायता पाने में और अधिक आसानी होगी.
महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
यह केंद्र जिले की महिलाओं के बीच उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और उनके लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इस अवसर पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़, सहायक आरक्षी अधीक्षक रश्मि, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ज्योति रानी, मिशन समन्वयक अंजनी कुमार झा और केंद्र प्रशासक साइना मिर्जा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें... Muzaffarpur: NH-27 पर ट्रक से 7 हजार लीटर विदेशी शराब बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
