मधुबनी डीएम: जिले में विभिन्न विभागों और कार्यालयों में लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर डीएम आनंद शर्मा ने सख्ती दिखाई है. गुरुवार की देर शाम वर्चुअल माध्यम से आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने अलग-अलग विभागों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया.
बैठक में कोषागार, जिला नीलाम पत्र शाखा, जिला विधि शाखा, जिला लोक सूचना कोषांग, लोक शिकायत निवारण एवं अनुश्रवण प्रणाली कोषांग के साथ विभिन्न अभियंत्रण प्रमंडलों की योजनाओं और साप्ताहिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.
सहयोग पोर्टल के शो कॉज का समय पर करें निष्पादन
डीएम ने अधिकारियों को सहयोग पोर्टल पर पूछे गए शो कॉज का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सहयोग पोर्टल और सहयोग कार्यक्रम से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और लंबित आवेदनों को तेजी से निपटाया जाए.
राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में जाने वाले आवेदकों को लेकर भी संबंधित कार्यालयों के पदाधिकारियों को समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया. डीएम ने कहा कि आवेदकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं.
उपयोगिता प्रमाण पत्र और डीसी विपत्रों की हुई समीक्षा
बैठक में कोषागार से जुड़े लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र और डीसी विपत्रों की भी समीक्षा की गई. कोषागार के साप्ताहिक प्रतिवेदन में विभिन्न कार्यालयों के लंबित मामलों की स्थिति रखी गई.
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए. किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और संबंधित पदाधिकारी नियमित रूप से इसकी प्रगति की समीक्षा करें.
नीलाम पत्र और न्यायालयीन मामलों में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला नीलाम पत्र शाखा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित वादों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. साप्ताहिक प्रतिवेदन में विभिन्न अधिकारियों के स्तर पर लंबित और निष्पादित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की गई.
इसके अलावा जिला विधि शाखा के न्यायालयीन मामलों, लोक सूचना और आरटीआई से जुड़े आवेदनों तथा लोक शिकायत निवारण एवं अनुश्रवण प्रणाली के लंबित मामलों की भी समीक्षा हुई. डीएम ने अधिकारियों को सभी मामलों का गंभीरतापूर्वक अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
इंजीनियरिंग योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, पश्चिमी कोशी नहर और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल से जुड़े कार्यों और योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई.
डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने और कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की प्रगति में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और योजनाओं की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया. सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
मधुबनी: एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता! पुलिस ने साइबर ठगी के खतरों से किया अलर्ट
