मधुबनी: कांवरियों के लिए वरदान बनी रेड क्रॉस की चलंत चिकित्सा सेवा, रास्ते में ही मिल रहा इलाज

श्रावणी मेले के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, मधुबनी की चलंत चिकित्सा सेवा शिवभक्तों के लिए वरदान साबित हो रही है. टीम प्रमुख कांवरिया मार्गों पर भ्रमण कर बीमार और घायल श्रद्धालुओं को मौके पर ही उपचार उपलब्ध करा रही है. दंड प्रणाम करने वाले कांवरियों को छाले, थकान और बुखार जैसी समस्याओं में तत्काल राहत मिल रही है.

Madhubani News: मधुबनी. श्रावणी मेले के दौरान भैरवा-बिस्फी क्षेत्र में शिवभक्तों और कांवरियों के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, मधुबनी की चलंत चिकित्सा सेवा बड़ी राहत साबित हो रही है. रेड क्रॉस की चिकित्सा टीम एंबुलेंस वैन के साथ प्रमुख कांवरिया मार्गों पर लगातार भ्रमण कर बीमार एवं घायल श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है.

 कांवरिया मार्गों पर घूम रही मेडिकल टीम

सोमवार को रेड क्रॉस सोसाइटी की चलंत चिकित्सा टीम ने विभिन्न कांवरिया मार्गों पर पहुंचकर यात्रा के दौरान बीमार और घायल श्रद्धालुओं का मौके पर ही इलाज किया. टीम द्वारा लगातार मेला क्षेत्र एवं आसपास के प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है.

दंड प्रणाम करने वाले कांवरियों को मिली तत्काल राहत

दंड प्रणाम कर यात्रा करने वाले कई कांवरियों को हाथों में छाले, पैरों में सूजन, अत्यधिक थकान, कमजोरी, चक्कर, चोट, सर्दी और बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा. चिकित्सा दल ने इन श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और आवश्यक दवाएं दीं.

भैरवा में लगाया गया चिकित्सा शिविर

डॉ. गिरीश पांडेय ने बताया कि सोमवार को भैरवा में भी चिकित्सा शिविर लगाया गया. शिविर में शिवभक्तों एवं कांवरियों को आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार तथा मरहम-पट्टी की सुविधा उपलब्ध कराई गई. इससे यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी झेल रहे श्रद्धालुओं को तत्काल राहत मिली.

एंबुलेंस से गंभीर मरीजों को मिलेगी मदद

रेड क्रॉस की ओर से एंबुलेंस सेवा की भी व्यवस्था की गई है. गंभीर रूप से बीमार या घायल श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी.

रेड क्रॉस की टीम में ये लोग शामिल

चलंत चिकित्सा दल में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, मधुबनी के अधीक्षक सह सचिव डॉ. गिरीश पांडेय, आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमिताभ, स्वास्थ्यकर्मी परमेश्वर ठाकुर, हिमांशु रंजन एवं अजय शंकर मिश्र शामिल हैं. टीम लगातार कांवरिया मार्गों पर सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है.

श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा प्राथमिकता

डॉ. गिरीश पांडेय ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना रेड क्रॉस सोसाइटी की प्राथमिकता है. चलंत चिकित्सा सेवा कठिन धार्मिक यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी सदर प्रखंड छह माह से प्रभार में, स्थायी बीडीओ की पदस्थापना का इंतजार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kartik kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >