Madhubani News : दीपावली व छठ पर्व में बाहर से आए बच्चों के लिए चलेगा पल्स पोलियो अभियान

जिले में दीपावली व छठ पर्व के अवसर पर बाहर से आने वाले बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए शनिवार से पल्स पोलियो अभियान शुरू की गयी.

मधुबनी.

जिले में दीपावली व छठ पर्व के अवसर पर बाहर से आने वाले बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए शनिवार से पल्स पोलियो अभियान शुरू की गयी. जिले में 18 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए पोलियो रोधी दवा पिलायी जाएगी. इसके लिए सभी 21 प्रखंडों में 32 टू मैन टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक ने डीएम एवं सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है. जारी निर्देश में उन्होंने कहा है कि बाहरी राज्यों व पड़ोसी देश नेपाल से दीपावली व छठ पर्व में आने वाले बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए सभी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, छठ घाटों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर टीका कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया जाए. इस संबंध में डीआइओ डॉ. एसके विश्वकर्मा ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, छठ घाट, ट्रांजिट स्थलों पर 28 अक्टूबर तक पोलियो के विशेष दल द्वारा बाहर के आने वाले 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी. उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान बिहार में राज्य के बाहर से परिवारों का आगमन होता है. इससे जिले में पोलियो वायरस के आने की संभावना रहती है. पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी.

छठ घाटों पर होगा दवा पिलाने का इंतजाम

सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि अभियान के क्रम में वैसे चिह्नित स्थान जहां से बच्चे जिला, प्रखंड व संबंधित गांव में प्रवेश करेंगे उन स्थानों पर बच्चों को दवा पिलाने के लिये ट्रांजिट टीम प्रतिनियुक्त की गयी है. वहीं जिले के सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों पर बच्चों को दवा पिलाने का सुलभ इंतजाम उपलब्ध होगा.

प्रत्येक बच्चे को चिह्नित कर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जिले के रेलवे स्टेशनों से सबसे अधिक लोगों की आवाजाही होती है. बाहर से आने वाले अधिकांश लोग ट्रेन से ही आते हैं. इसके लिए स्टेशन पर ट्रांजिट दल की तैनाती की गई है. ताकि एक भी बच्चा छूटे नहीं और शत-प्रतिशत बच्चों को दवाई का सेवन सुनिश्चित कर विशेष अभियान का सफलतापूर्वक समापन हो सके. इसके अलावा अन्य जगहों पर भी बच्चों को चिह्नित कर दवाई पिलाई जाएगी. अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटे नहीं, इस बात का विशेष ख्याल रखने के लिए प्रतिनियुक्त टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. साथ ही लगातार इसकी मॉनिटरिंग वरीय पदाधिकारीयों द्वारा की जाएगी.

28 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

चयनित जगहों से होकर गुजरने वाले प्रत्येक बच्चे को ट्रांजिट दल द्वारा दवाई का सेवन कराया जाएगा. साथ ही पोलियो संक्रमण से बचाव के लिए बच्चों के अभिभावकों को अपने बच्चों को निश्चित रूप से दवाई पिलाने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा. पोलियो संक्रमण से बचाव के लिए सबसे बेहतर और कारगर उपाय दो बूंद खुराक ही है

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >