Madhubani News: ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय सेवा केंद्र के स्वदर्शन सभागार में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली. मुख्य अतिथि डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि नशा नाश की जड़ है और आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
आध्यात्मिकता से युवाओं को मिलेगी सही दिशा
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए आध्यात्मिकता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के साथ उन्हें नशे और ड्रग्स के खतरों के प्रति जागरूक करना जरूरी है.
उन्होंने जिले में हर घर तिरंगा और नशामुक्ति अभियान को लेकर भी प्रतिबद्धता जताई. डीएम ने कहा कि इन अभियानों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें.
सैकड़ों युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बीके ब्रजराज भाई ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश के युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है. युवाओं में आत्मविश्वास होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.
उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स के खतरों को समझने तथा इससे दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की. कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ लेकर समाज को नशे से मुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया.
28 अगस्त तक चलेगा अभियान
बीके ब्रजराज भाई ने बताया कि जिला स्तर पर मिले लक्ष्य को सभी के सहयोग से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 17 अगस्त को और नशामुक्ति अभियान को भी व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा. नशामुक्ति से जुड़ा यह कार्यक्रम 28 अगस्त तक जारी रहेगा.
उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय सेवा केंद्र की ओर से तनाव मुक्ति और आनंदमय जीवन के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण के साथ आध्यात्मिक ज्ञान भी दिया जाता है.
अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी समेत कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
यह भी पढे़ं: रिमझिम बारिश के बीच शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, जलाभिषेक के लिए लगी कतार
