Madhubani Jan Suraaj Vijay Juloos: जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर की बांकीपुर उपचुनाव में जीत पर रविवार को बेनीपट्टी में विजय जुलूस निकाला. जुलूस का नेतृत्व युवा जिलाध्यक्ष दीपक भंडारी, किसान जिला उपाध्यक्ष गौरी सिंह, अल्पसंख्यक जिला सचिव रहमतुल्ला, विचार मंच के जिला सचिव संतोष सिंह और जिला युवा सचिव मोनू ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया.
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र में जीत दर्ज की है.
अंबेडकर चौक पर किया माल्यार्पण
विजय जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा. यहां कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और जीत का जश्न मनाया.
इस अवसर पर विचार मंच के मिथिलांचल क्षेत्रीय प्रभारी मनीष झा, पूर्व जिला संयोजक वीरेंद्र यादव, पूर्व जिला चुनाव प्रभारी तमन्ना कमाल और युवा जिला अध्यक्ष दीपक भंडारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
आगामी चुनावों के लिए संगठन मजबूत करने का संकल्प
वक्ताओं ने कहा कि बांकीपुर की जीत जन सुराज के बढ़ते जनाधार और प्रशांत किशोर के बिहार बदलाव के संकल्प की जीत है. कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और आगामी चुनावों में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया.
कार्यक्रम में युवा जिला महामंत्री पप्पू लाल दास, बेनीपट्टी प्रखंड युवा अध्यक्ष सुमित कुमार मिश्र, प्रखंड विचार मंच अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, संतोष मिश्र, किसान जिला प्रकोष्ठ सचिव बसंत कुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में जन सुराज कार्यकर्ता मौजूद रहे.
