Madhubani Police Action: पुलिस महानिदेशक बिहार के निर्देश और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देशन में मधुबनी जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में पुलिस ने कुल 40 आरोपितों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही 19 वारंट, आठ इश्तेहार, 137 सम्मन और चार कुर्की का निष्पादन किया गया. अकेले वारंट के मामलों में 20 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया.
गंभीर अपराधों के आरोपितों पर विशेष कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, पुलिस पर हमला समेत गंभीर प्रकृति के मामलों में फरार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकता के आधार पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान गिरफ्तार 40 आरोपितों में शराब कारोबार से जुड़े छह, एनडीपीएस एक्ट के तहत एक, हत्या के प्रयास के छह, महिला उत्पीड़न के दो, अपहरण के एक, वारंट के 20 तथा अन्य मामलों के चार आरोपित शामिल हैं.
3 हजार लीटर शराब सहित वाहन और मोबाइल जब्त
विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने करीब 3 हजार लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की. इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, एक चारपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन, एक लाइटर, एक प्लायर, एक वायर कटर और एक गोदरेज भी जब्त किया गया.
पुलिस की इस कार्रवाई से विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपितों पर दबाव बढ़ा है.
यातायात नियम तोड़ने पर 47,500 रुपये जुर्माना
अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान 47 वाहनों से कुल 47,500 रुपये जुर्माना वसूला गया.
एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और शराब कारोबार पर रहेगा फोकस
पुलिस के अनुसार अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में गंभीर अपराधों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, लंबित वारंट और इश्तेहार का निष्पादन, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना शामिल है.
यह भी पढ़ें
खुटौना में 999 लीटर नेपाली शराब बरामद, कार छोड़कर फरार हुए तस्कर
