Jhajharpur News: मिथिलांचल को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चल रहे नशा मुक्त मिथिला अभियान को राज्यसभा सांसद संजय झा का समर्थन मिला है. विद्यापति दामोदर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने सांसद से मुलाकात कर अभियान की रूपरेखा और अब तक की गतिविधियों की जानकारी दी. सांसद ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समय की मांग बताया और अपना पूरा समर्थन देने की बात कही.
घर-घर पहुंचकर नशे के खिलाफ जागरूकता की तैयारी
फाउंडेशन के अध्यक्ष विष्णु विज्ञान झा ने सांसद को बताया कि नशा मुक्त मिथिला अभियान के माध्यम से मिथिलांचल के युवाओं समेत समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से भी प्रभावित करता है. अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देने और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा गया है.
सांसद बोले- नशा युवाओं को कर रहा खोखला
सांसद संजय झा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशा युवाओं को खोखला कर रहा है और समाज की प्रगति में बड़ा अवरोध बन गया है.
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त मिथिला अभियान एक सराहनीय पहल है और वे इसे अपना पूरा समर्थन देते हैं.
अभियान को जन आंदोलन बनाने की तैयारी
फाउंडेशन के सचिव हिमकर कौंडिण्य और कोषाध्यक्ष निखिल झा ने बताया कि अभियान को जन आंदोलन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने सांसद के समर्थन और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया.
प्रतिनिधियों ने कहा कि सांसद संजय झा के सहयोग से अभियान को और मजबूती मिलेगी. संस्था का लक्ष्य मिथिलांचल को नशामुक्त और स्वस्थ समाज के रूप में विकसित करना है.
यह भी पढ़ें
झंझारपुर में जमीन विवाद को लेकर युवक की चाकू से हत्या, सोते समय घर में घुसकर हमला
