Madhubani News: मधुबनी विधायक एवं शून्य काल समिति के अध्यक्ष माधव आनंद ने लोहट चीनी मिल के पुनरुद्धार, गन्ना किसानों के वर्षों से लंबित बकाया भुगतान तथा चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने की दिशा में सरकार से शीघ्र पहल करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि लोहट चीनी मिल मिथिला की अर्थव्यवस्था और हजारों किसानों की आजीविका से जुड़ी महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाई रही है.
मिल बंद होने से किसानों और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा असर
विधायक ने कहा कि वर्षों से लोहट चीनी मिल बंद रहने के कारण गन्ना किसानों, खेतिहर मजदूरों और स्थानीय युवाओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है. साथ ही क्षेत्र का औद्योगिक विकास भी प्रभावित हुआ है. उन्होंने सरकार से मिल के पुनरुद्धार की प्रक्रिया में तेजी लाने और इसे प्राथमिकता देने की मांग की.
गन्ना किसानों के बकाये के भुगतान पर दिया जोर
माधव आनंद ने कहा कि गन्ना किसानों के वर्षों से लंबित बकाये का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए. किसानों की मेहनत की कमाई का समय पर भुगतान उनका अधिकार है और सरकार को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए.
सकरी और रैयाम चीनी मिलों के निर्णय का किया स्वागत
इस अवसर पर विधायक ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व, विकासोन्मुख सोच और किसान हितैषी दृष्टिकोण की सराहना करते हुए सकरी और रैयाम चीनी मिलों को पुनः चालू करने के निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और मधुबनी-मिथिला के सर्वांगीण विकास से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को वे सदन से लेकर सड़क तक पूरी प्रतिबद्धता और मजबूती के साथ उठाते रहेंगे.
