मधुबनी स्टेशन चौक पर मंगलसूत्र चोरी का खुलासा, अंतरजिला महिला गैंग की 3 सदस्य गिरफ्तार, 2 मंगलसूत्र बरामद

मधुबनी में भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने वाले अंतरजिला महिला चोर गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है. स्टेशन चौक पर मंगलसूत्र चोरी की घटना के बाद तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी के जेवरात भी बरामद हुए हैं.

मधुबनी: शहर के गंगासागर स्टेशन चौक पर एक महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी के मामले में नगर थाना पुलिस ने अंतरजिला महिला चोर गैंग का खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के दो मंगलसूत्र, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किये गये हैं.

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान समस्तीपुर जिले के लदौरा गांव निवासी जिगर चौधरी की पत्नी नेहा कुमारी, अंग्रेज चौधरी की पत्नी विमला देवी और बिरजा चौधरी की पत्नी शकुंतला देवी के रूप में हुई है.

बातचीत में उलझाकर मंगलसूत्र चोरी का आरोप

पुलिस के अनुसार, राजनगर थाना क्षेत्र के करेहिया निवासी कांति देवी स्टेशन चौक पर थीं. इसी दौरान गिरोह की महिलाओं ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया. इसी बीच मौका पाकर उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया.

कुछ देर बाद कांति देवी को मंगलसूत्र चोरी होने का पता चला. उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए एक महिला को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस ने पकड़ी गयी महिला से पूछताछ की. पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह की दो अन्य महिला सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के दो मंगलसूत्र, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किये हैं.

एएसपी ने नगर थाना पहुंचकर की पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी रश्मि कुमारी स्वयं नगर थाना पहुंचीं और गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी सामने आयी है.

पुलिस के अनुसार, गिरोह की सदस्य अलग-अलग इलाकों में भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाती थीं. लोगों को बातचीत में उलझाने के बाद मौका मिलते ही आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी करने का आरोप है.

पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरफ्तार महिलाओं ने मधुबनी के अलावा अन्य जिलों में कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है.

त्योहारों में बाजार जाने वालों से सतर्क रहने की अपील

आगामी इंद्र पूजा, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए एएसपी रश्मि कुमारी ने आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.

उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों और आभूषण दुकानों में काफी भीड़ रहती है. ऐसे में चोरी करने वाले गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दे सकते हैं.

उन्होंने लोगों से बाजार में खरीदारी के दौरान अपने गहने, मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की. पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नगर थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें

2017 के नाबालिग अपहरण व POCSO मामले में आरोपी दोषी करार, सजा पर 28 सितंबर को होगी सुनवाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kartik Kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >