मधुबनी: प्रधान डाकघर सहित जिले के अन्य उप डाकघर और ग्रामीण डाकघरों में खाता खोलना आसान हो गया है. प्रधान डाकघर से मिली जानकारी के अनुसार आधार कार्ड और एक फोटो देने पर उपभोक्ताओं का खाता खोला जा रहा है. डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मधुबनी डिविजन में प्रधान डाकघर, 40 उप डाकघर और 374 ग्रामीण डाकघरों में नये खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है.
2.56 लाख से अधिक खाते खोलने का लक्ष्य
डाक अधीक्षक ने बताया कि उप डाकघरों को 50 हजार नये खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है. वहीं, 374 ग्रामीण डाकघरों को 2 लाख 6 हजार 800 खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है. उन्होंने बताया कि अब तक करीब 80 हजार नये खाते खोले जा चुके हैं.
100 रुपये से खुल जाता है खाता
डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि डाकघर में सिर्फ 100 रुपये से खाता खुल जाता है. इसके लिए आधार कार्ड और एक फोटो देने की जानकारी दी गयी है. डाकघर में अब डिजिटल पेमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है.
ग्रामीण क्षेत्रों में घर बैठे मिल रही राशि
डाक अधीक्षक के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में डाकघर में खाता खुलवाने का एक लाभ यह भी है कि खाताधारकों को घर बैठे ग्रामीण पोस्टमास्टर के माध्यम से राशि उपलब्ध करायी जा रही है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंक या डाकघर तक जाने की परेशानी कम हो रही है.
डाकघर में खाता खोलने की अपील
डाक अधीक्षक संतोष कुमार ने लोगों से डाकघर में खाता खोलने और राशि फिक्स कर अन्य वित्तीय संस्थाओं की तुलना में अधिक ब्याज प्राप्त करने का आग्रह किया है.
यह भी पढ़ें
PM सूर्य घर योजना: बिहार में सोलर पैनल पर 98 हजार तक सब्सिडी, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ
