Madhubani News: मधुबनी जिले के झंझारपुर उत्पाद थाना की टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने फुलपरास थाना क्षेत्र के सुदई गांव में छापेमारी कर अंडा दुकान की आड़ में चल रहे शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान 27 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
उत्पाद निरीक्षक पंकज कुमार को सूचना मिली थी कि सुदई गांव के वार्ड संख्या-02 में राजदेव पासवान अपनी अंडा दुकान की आड़ में चोरी-छिपे शराब बेचता है. सूचना के सत्यापन के बाद उत्पाद थानाध्यक्ष नीलकमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और महादेव स्थान के पास छापेमारी की गई.
भागने की कोशिश हुई नाकाम, जलावन घर से मिली खेप
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी राजदेव पासवान ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया. जब पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, तो जलावन रखने वाले कमरे में तीन प्लास्टिक की बोरियां मिलीं. इन बोरियों में ‘मामाश्री’ ब्रांड की 300 एमएल वाली कुल 90 बोतलें (27 लीटर) नेपाली देशी शराब छिपाकर रखी गई थी.
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी राजदेव पासवान के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में दुकान की आड़ में नशा बेचने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है.
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
