आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में SSB की बड़ी पहल, सीमावर्ती गांवों में शुरू हुआ मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण

Madhubani News: सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से SSB की 18वीं वाहिनी ने लौकहा के अंधारबन में सात दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण शिविर शुरू किया है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पात्र लाभार्थियों को मधुमक्खी बॉक्स भी वितरित किए जाएंगे.

Madhubani News: सीमावर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका मजबूत करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 18वीं वाहिनी ने नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सात दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की है. लौकहा प्रखंड के सीमा चौकी अंधारबन अंतर्गत मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया.

कमांडेंट ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ 18वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर कोजा राम लोमरोड़ ने किया. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ना और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना SSB की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने की अपील की.

आधुनिक तकनीक से कराया गया प्रशिक्षण

द्वितीय कमान अधिकारी ओ. ओकेन्द्रो सिंह ने मधुमक्खी पालन के आर्थिक महत्व और इससे होने वाली आय के बारे में विस्तार से जानकारी दी. प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को मधुमक्खियों की विभिन्न प्रजातियों, कॉलोनी प्रबंधन, बॉक्स की देखभाल, रोग एवं कीट नियंत्रण, शहद संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी.

प्रशिक्षण पूरा होने पर मिलेंगे मधुमक्खी बॉक्स

प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले पात्र लाभार्थियों को मधुमक्खी पालन शुरू करने के लिए मधुमक्खी बॉक्स उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे स्वरोजगार शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकेंगे.

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में षष्ठी नाथ झा, खुटौना के प्रखंड विकास पदाधिकारी गिरीश चंद्रा, लौकहा थानाध्यक्ष, एपीएफ पोस्ट कमांडर बेलही, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >