मधुबनी में पकड़ा गया हाई-टेक सॉल्वर गैंग, वॉकी-टॉकी और ब्लूटूथ से कराता था नकल

Madhubani News: मधुबनी पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले सॉल्वर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से हाई फ्रीक्वेंसी वॉकी-टॉकी और ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए हैं. गिरोह मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी की तैयारी में था. पढ़ें पूरी खबर...

Madhubani News: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता भंग करने वाले गिरोह के खिलाफ मधुबनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नगर थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल कराने वाले एक संगठित सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से हाई फ्रीक्वेंसी के वॉकी-टॉकी और ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए हैं. सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा किया.

गुप्त सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी

एसडीपीओ ने बताया कि बुधवार 29 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे एक चाय दुकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जब छापेमारी की, तो बैजनाथ दास नामक व्यक्ति के पास से एक झोले में 5 वॉकी-टॉकी, ईयर बड्स और इलेक्ट्रॉनिक कनेक्टर बरामद हुए. बैजनाथ ने पूछताछ में बताया कि यह सामान पंकज कुमार ने उसके पास रखवाया था.

बरामद वॉकी-टॉकी, ईयर बड्स और इलेक्ट्रॉनिक कनेक्टर

सिपाही भर्ती परीक्षा में सेंधमारी की थी योजना

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चौक स्थित एक होटल से पंकज कुमार (बसुआरा, मधुबनी) और रौशन कुमार (बेगूसराय) को हिरासत में लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर परीक्षा में नकल करवाते हैं. उन्होंने खुलासा किया कि आगामी जून माह में होने वाली मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं में इस हाई-टेक डिवाइस के जरिए धोखाधड़ी की बड़ी योजना थी.

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 225/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एसडीपीओ ने इस सफल उद्भेदन के लिए थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, एसआई फैजुल और अंकिता सहित पूरी टीम को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस अधीक्षक से अनुशंसा करने की बात कही है.

मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >