मधुबनी से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी जिले के बाबूबरही क्षेत्र में पिरही-पिपराघाट कमला पूर्वी तटबंध सड़क पर एक तेज रफ्तार कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसा इतना जोरदार था कि कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराने के बाद तटबंध से करीब 50 फीट दूर जाकर पलट गई. मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया.
बिजली पोल के हुए तीन टुकड़े
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा देर रात हुआ. अनियंत्रित कार पहले तटबंध से नीचे उतरी और फिर बिजली के पोल से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल तीन हिस्सों में टूट गया. वहीं कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
मौके से गायब मिले चालक और सवार
हैरानी की बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त कार के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला. आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद चालक और अन्य सवार मौके से निकल गए. कार के अंदर महिला और पुरुष के चप्पल मिलने से यह संकेत मिल रहा है कि वाहन में एक से अधिक लोग सवार थे.
पुलिस जुटी जांच में
दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर यूपी-14 सीएल 5454 बताया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. वाहन मालिक और हादसे के समय उसमें सवार लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है.
बिजली आपूर्ति पर असर की आशंका
बिजली का पोल टूटने के कारण आसपास के इलाके में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
