Madhubani News: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव, बिहार विधानसभा में पार्टी के नेता विधायक दल एवं शून्यकाल समिति के सभापति सह मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने पटना प्रवास के दौरान एक बड़ा नीतिगत कदम उठाया है. उन्होंने बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से शिष्टाचार भेंट की. इस उच्चस्तरीय मुलाकात के दौरान विधायक ने मधुबनी जिले और विशेषकर अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण जनहित, कृषि और सिंचाई विकास संबंधी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की और क्षेत्रीय अन्नदाताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
हजारों किसानों को मिलेगा लाभ
मुलाकात के दौरान विधायक माधव आनंद ने रहिका प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत के केशोपुर स्थित मुख्य नहर से निकलने वाली वितरिका (डिस्ट्रिब्यूटरी) नहर के शेष बचे निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया. उपमुख्यमंत्री को उस स्थिति से अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों स्थानीय किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए बेहतर, सुलभ और निर्बाध पानी की सुविधा उपलब्ध होगी.
नहर प्रणाली से जोड़ने की मांग
इसके अतिरिक्त, विधायक ने पंडौल प्रखंड अंतर्गत पुरानी कमला नदी की उड़ाही (डी-सिल्टेशन/गाद सफाई) कराने के बेहद संवेदनशील विषय पर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने आग्रह किया कि नदी की उड़ाही कराकर उसे मुख्य नहर प्रणाली से जोड़ने हेतु आवश्यक और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए.
माधव आनंद ने इसके दूरगामी लाभ गिनाते हुए स्पष्ट किया कि नदी की उड़ाही होने से क्षेत्र में जल संरक्षण (वाटर हार्वेस्टिंग), बरसात के दिनों में जल निकासी और रबी व खरीफ फसलों के लिए सिंचाई व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, जिससे किसानों को बाढ़ और सुखाड़ दोनों ही विभीषिकाओं से दीर्घकालिक सुरक्षा और लाभ मिलेगा.
विधायक ने जताया आभार
मधुबनी विधायक द्वारा प्रस्तुत किए गए आंकड़ों और क्षेत्रीय किसानों की मांग को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अत्यंत गंभीरता से लिया. उन्होंने दोनों ही मामलों की विभागीय फाइलें मंगाकर उच्चस्तरीय समीक्षा करने तथा जनहित में आवश्यक एवं त्वरित बजटीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है.
सकारात्मक वार्ता के बाद विधायक माधव आनंद ने कहा कि मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के अन्नदाताओं, युवाओं और आमजन की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान तथा पूरे जिले के समग्र विकास के लिए वे जमीनी स्तर पर निरंतर प्रयासरत हैं. सिंचाई, कृषि और ग्रामीण आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) से जुड़े मुद्दों को नीतिगत रूप से सरकार के शीर्ष स्तर पर मजबूती से उठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
