Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखवासी गांव में अज्ञात चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है. चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के मुख्य द्वार और अलमारियों के ताले तोड़कर भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है.
विदेश और बाहर रहते हैं गृहस्वामी
पीड़िता हैप्पी कुमारी ने इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनके पति वेद प्रकाश विदेश में रहते हैं, जबकि उनके देवर का परिवार हैदराबाद में रहता है. हैप्पी कुमारी खुद अपने बच्चों की शिक्षा के लिए मधुबनी में रहती हैं. रविवार शाम पड़ोसी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य गेट खुला हुआ है और ताला टूटा है. जब वह गांव पहुंचीं, तो देखा कि चोरों ने घर के सभी कमरों और दो गोदरेज अलमारियों को तोड़कर सारा कीमती सामान बटोर लिया है.
चोरी के सामान की सूची
गृहस्वामी के अनुसार, चोरों ने लगभग छह भर सोने के जेवरात, ढाई भर सोने की चेन, 250 ग्राम चांदी के सिक्के और अन्य कई कीमती सामान चोरी कर लिए हैं. चोरी की गई कुल संपत्ति की कीमत लाखों में आंकी जा रही है.
पुलिस और FSL की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हरलाखी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है. स्थानीय मुखिया यदुवीर साह और सरपंच रामाशंकर ठाकुर ने पुलिस से मामले के जल्द खुलासे की मांग की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मधुबनी से संजय कुमार की रिपोर्ट
