Madhubani News: शहर में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ बिजली विभाग ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है. विभाग ने ऐसे 1500 उपभोक्ताओं की सूची तैयार की है, जिन पर 50 हजार रुपये या उससे अधिक की राशि बकाया है. विभाग के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद अरमान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक बकाया जमा नहीं किया गया, तो इन सभी का कनेक्शन काट दिया जाएगा.
400 कमर्शियल उपभोक्ताओं पर गिरेगी पहली गाज
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि शहर के कनीय अभियंता अनिल कुसुम को बकायेदारों की सूची सौंप दी गई है. इस अभियान के पहले चरण में उन 400 कमर्शियल उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है जो बिजली लेकर व्यवसाय तो कर रहे हैं, लेकिन बिल जमा करने में कोताही बरत रहे हैं. इन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का लाइन तत्काल काटने का सख्त निर्देश दिया गया है. विभाग का कहना है कि पिछले कई महीनों से लगातार नोटिस और बिल देने के बावजूद उपभोक्ताओं द्वारा राशि जमा नहीं की जा रही है.
लाइन काटने के लिए बनी चार ‘गैंग मिस्त्री’ टीमें
इस बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है. सहायक अभियंता के नेतृत्व में चार अलग-अलग ‘गैंग मिस्त्री’ की टीमों का गठन किया गया है. यह टीमें शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर सूची के अनुसार बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई करेंगी. विभाग की इस सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 15 मई की समय सीमा से पहले अपना बकाया भुगतान कर कानूनी कार्रवाई और अंधेरे से बचें.
मधुबनी से के. के. पुट्टी की रिपोर्ट
