मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: बिहार में संगठन विस्तार की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने मधुबनी में संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की. बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने पर जोर दिया.
संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर मंथन
गुरुवार को मधुबनी के ललित भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पश्चिमी मीना देवी कुशवाहा ने की, जबकि संगठन सृजन अभियान के जिला प्रभारी राजीव मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया.
सदस्यता अभियान को तेज करने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी राजीव मिश्रा ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए हर स्तर पर सक्रियता जरूरी है. वहीं जिला अध्यक्ष मीना देवी कुशवाहा ने सदस्यता अभियान को और तेज करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है. इससे पार्टी की जड़ें और मजबूत होंगी.
नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों का हुआ सम्मान
बैठक के दौरान नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुल्ला और संतन कुमार पासवान का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया. नेताओं ने उम्मीद जताई कि दोनों अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को नई दिशा देने का काम करेंगे.
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में मिहिर कुमार झा, महंत गोपाल दास, महंत मुकेश दास, किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक कुमार चौरसिया, मोहम्मद अकील अंजुम, विनय कुमार झा, संतोष कुमार यादव, पंकज कुमार यादव उर्फ फौजी, युवा कांग्रेस नेता राजकमल कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक का मुख्य फोकस संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति तैयार करना रहा.
