Madhubani news: जिले के अरेर थाना क्षेत्र अंतर्गत धकजरी ग्रामीण बैंक के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, बाइक पर पीछे बैठा एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा थाना के धरहरबा निवासी प्रत्यूष झा के रूप में हुई है. घटना के बाद ननिहाल में चल रहे मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं.
ननिहाल में शादी और मुंडन समारोह में आया था प्रत्यूष
जानकारी के अनुसार, प्रत्यूष करीब एक सप्ताह पहले अरेर के अतरौली गांव स्थित अपने नाना विंदेश्वर ठाकुर के घर आया था. बीते 1 मई को वहां शादी संपन्न हुई थी और सोमवार (4 मई) को उसके ममेरे भाई का मुंडन संस्कार था. इसी मुंडन कार्यक्रम के लिए वह अपने साथी कन्नू कुमार झा (14) के साथ बाइक से बेनीपट्टी कोल्ड ड्रिंक लाने गया था. वापस लौटते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रत्यूष की मौके पर ही मौत हो गई. इसी दौरान पीछे से आ रहा एक ऑटो भी दुर्घटना को देख अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद अज्ञात वाहन और ऑटो चालक मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रत्यूष को मृत घोषित कर दिया. जख्मी कन्नू का इलाज फिलहाल जारी है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही अरेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ऑटो को जब्त कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा है.
मधुबनी बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट
