मधुबनी: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मधुबनी के चिकना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर…

घोघरडीहा, मधुबनी से सुशील कुमार की रिपोर्ट

Madhubani News: घोघरडीहा थाना क्षेत्र के चिकना गांव में सोमवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

मृतका की पहचान चिकना गांव निवासी विनय कुमार राम की पत्नी पवित कुमारी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया.

दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

मृतका के पिता फुलपरास थाना क्षेत्र के फुलकाही निवासी सीताराम राम ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2019 में उनकी पुत्री की शादी विनय कुमार राम से हुई थी. शादी के समय उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार मोटरसाइकिल समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के उपहार दिए थे.

इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही. आरोप है कि एक लाख रुपये लाने के लिए पवित कुमारी पर लगातार दबाव बनाया जाता था और मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी.

मौत से पहले किया था फोन

मृतका के पिता का आरोप है कि एक जून की शाम उनकी पुत्री ने फोन कर बताया था कि पति, सास, ससुर और देवर ने उसके साथ मारपीट की है और गला दबाकर जान मारने का प्रयास किया है. उसने यह भी बताया था कि शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच गई.

परिजनों का कहना है कि इसके कुछ घंटों बाद ही उसकी मौत की सूचना मिली.

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद मृतका के पिता ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >