मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: जयनगर थाना क्षेत्र के मारवाड़ी मुहल्ला स्थित मिरचाई पट्टी इलाके में सोमवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. हथियारबंद बदमाशों ने रिलायंस जियो मार्ट के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार से करीब 6 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.
कैसे हुई लूट की वारदात
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र कुमार बैंक में रुपये जमा करने जा रहे थे. उनके पास करीब 6 लाख रुपये नकद थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनके पास मौजूद पूरी रकम छीन ली और फरार हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी मौके से निकल चुके थे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर के एसडीपीओ सदानंद कुमार और थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई.
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों से कई महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए हैं. अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार लूटकांड में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जयनगर नेपाल सीमा से सटा क्षेत्र होने के कारण सीमा पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि अपराधी भाग न सकें.
व्यवसायियों में बढ़ी चिंता
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना के बाद शहर के व्यवसायियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है. स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
