कोशी नहर की सड़क पर बड़ा हादसा, कार अनियंत्रित होकर पलटी, चार लोग घायल

कोशी नहर के पश्चिमी तटबंध पर बनी नई सड़क पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई. यह हादसा सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में हुआ. कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. गनीमत रही कि कार नहर में गिरने से बच गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

Jhanjharpur News: कोशी नहर के पश्चिमी तटबंध पर बनी नई पक्की सड़क पर बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया. ननौर से हररी महादेव स्थान जाने वाले मार्ग पर रेलवे लाइन के पूर्व स्थित नहर किनारे सड़क पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए.

बाइक को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चनौरागंज की ओर से हररी की तरफ जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर

कार में कुल चार लोग सवार थे. इनमें तीन लोग करनपुर और एक व्यक्ति चनौरागंज का निवासी बताया जा रहा है. हादसे में चारों घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

नहर में गिरने से टली बड़ी दुर्घटना

हादसे के दौरान कार नहर के बेहद करीब पहुंच गई, लेकिन नहर में गिरने से बच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार यदि कार नहर में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि नहर में इस समय पर्याप्त पानी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >