Khutauna Police Attack: शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे लोगों को शांत कराने पहुंची ललमनियां थाना की पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया गया. घटना में ललमनियां थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार घायल हो गये. हमले में उनका सिर फट गया. घायल पुलिस पदाधिकारी का खुटौना सीएचसी में इलाज कराया गया.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तोरीयाही गांव में कुछ लोग नशे की हालत में आपस में झगड़ रहे थे. विवाद बढ़ने पर मामला हिंसक हो गया. इसकी सूचना मिलने पर गश्ती टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया.
पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे लोगों को समझाकर वहां से हटाने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान उनके घर की महिला और पुरुषों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. अचानक हुए पथराव से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस ने इस दौरान संयम बरता. हमले में पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार घायल हो गये.
दो नाबालिग समेत पांच गिरफ्तार
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, घटना में संलिप्त आरोपियों से पूछताछ की गयी.
पुलिस ने आरोपियों के रूप में जीतेन्द्र राम, रेखा देवी और प्रभात कुमार राम के नाम बताये हैं. तीनों थाना क्षेत्र के तोरीयाही गांव के रहने वाले बताए गये हैं. पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों को नामजद करते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी की और जेल भेज दिया. पुलिस ने दो नाबालिगों को भी पकड़ा है.
गश्ती के दौरान मिली थी हिंसक झड़प की सूचना
ललमनियां थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि गश्ती टीम क्षेत्र में गश्त करने निकली थी. इसी दौरान सूचना मिली कि गांव में कुछ असामाजिक तत्व आपस में हिंसक झड़प कर रहे हैं. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा ही रही थी कि लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इसमें पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार घायल हो गये.
थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.
