सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला युवक गिरफ्तार, दो देशी कट्टा बरामद

मधुबनी पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर कानून को चुनौती देने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने मंदिर परिसर में हथियार छिपाए थे. उसके चार साथी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है.

Madhubani News: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर कानून को चुनौती देने वाले युवक को लखनौर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से दो देशी कट्टा बरामद किए गए हैं. मामले की जानकारी एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की रात वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया.

Jhanjharpur News: वायरल वीडियो के आधार पर हुई गिरफ्तारी

एसडीपीओ ने बताया कि लखनौर थाना क्षेत्र के मैथी फुलवारी टोल निवासी 20 वर्षीय मोहन मुरारी सोशल मीडिया पर दोनों हाथों में देशी कट्टा लेकर वीडियो बनाकर वायरल कर रहा था. सूचना मिलते ही पुअनि अरविंद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो उसी का है.

मंदिर की छज्जी से बरामद हुए दो देशी कट्टा

गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों देशी कट्टा मैथी स्थित तपेश्वर मंदिर परिसर के विश्राम गृह की छज्जी पर एक छोटे कार्टन में छिपाकर रखे गए हैं. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां छापेमारी कर दोनों देशी कट्टा बरामद कर जब्त कर लिया.

नेपाल से लाए गए थे हथियार, गैंग बनाकर फैलाते थे दहशत

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों कट्टा नेपाल से लाए गए थे. वह अपने चार साथियों के साथ मिलकर हथियार दिखाकर इलाके में दहशत फैलाता था और छिनतई जैसी घटनाओं को भी अंजाम देता था. पुलिस ने मामले में मैथी राही टोल एवं फुलवारी टोल निवासी आनंद मुखिया, अरविंद मुखिया, धनवीर मुखिया और शिवलाल मुखिया को नामजद किया है. इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

पहले भी जा चुका है जेल

एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार मोहन मुरारी और नामजद आरोपी आनंद मुखिया पहले भी जेल जा चुके हैं. पुलिस पूरे गिरोह को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है. प्रेस वार्ता के दौरान लखनौर थानाध्यक्ष भी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: डिजिटल बिहार की ओर कदम, विधायक माधव आनंद ने की पंडौल में डिजिटल लाइब्रेरी की घोषणा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >