मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सामिया मोड़ स्थित एनएच-27 पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पार्सल वैन से 1248 लीटर विदेशी बीयर बरामद की है. वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई इस खेप को बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था. मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
उत्पाद थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की पार्सल वैन WB-07J-0514 को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई रेड सेमो ब्रांड की 104 कार्टन बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1248 लीटर बताई गई है.
बोरियों के नीचे छिपाई गई थी शराब की खेप
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार पहली नजर में वाहन सामान्य पार्सल वैन प्रतीत हो रही थी, लेकिन संदेह होने पर जब गहन तलाशी ली गई तो बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई. वाहन चालक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान वह बरामद सामान के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष नीलकमल मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विदेशी बीयर की खेप बिहार में अवैध बिक्री के उद्देश्य से लाई जा रही थी. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. उत्पाद विभाग ने पार्सल वैन को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
शराब तस्करों पर लगातार नजर
उत्पाद विभाग का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती और प्रमुख मार्गों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. एनएच-27 पर की गई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है.
थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
