मधुबनी ITI एडमिशन: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जयनगर में सत्र 2026-27 और 2026-28 के लिए विभिन्न ट्रेडों में रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इच्छुक अभ्यर्थी 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से संस्थान में शुरू होगी. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर संस्थान में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा.
इन पांच ट्रेड में खाली हैं सीटें
संस्थान की ओर से जारी सूचना के अनुसार फिटर, आईसीटीएसएम, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, डीजल मैकेनिक और वेल्डर ट्रेड में रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन लिया जाएगा. यह नामांकन प्रथम दो चरणों की ऑनलाइन काउंसिलिंग और तीसरे चरण की ऑफलाइन मॉप-अप काउंसिलिंग के बाद बची सीटों पर होगा.
अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि किसी ट्रेड में सीट उपलब्ध नहीं रहने पर उस ट्रेड में नामांकन नहीं लिया जाएगा.
ITI CAT-2026 की रैंक से मिलेगा दाखिला
स्पॉट एडमिशन में अभ्यर्थियों का चयन आईटीआई कैट-2026 की मेधा सूची में प्राप्त रैंक और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा. इसलिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित तारीख और समय पर संस्थान पहुंचना जरूरी होगा.
संस्थान ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नामांकन के लिए जरूरी सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि स्पॉट एडमिशन के समय किसी तरह की परेशानी न हो.
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
नामांकन के समय अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, अंक पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, आवासीय प्रमाणपत्र और चरित्र प्रमाणपत्र की छायाप्रति लानी होगी. इसके अलावा आधार कार्ड की छायाप्रति और आईटीआई कैट-2026 का एडमिट कार्ड भी साथ रखना होगा.
SC-ST के लिए 740, अन्य को 980 रुपये शुल्क
प्रशिक्षण शुल्क भी श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण शुल्क 740 रुपये है. वहीं, अन्य कोटि के अभ्यर्थियों के लिए 980 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.
संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि रिक्त सीटों पर निर्धारित प्रक्रिया और मेधा सूची के आधार पर ही नामांकन किया जाएगा. अभ्यर्थी समय सीमा का ध्यान रखते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें.
यह भी पढे़ं:
बिहार से बाहर काम करने वाले मजदूर ध्यान दें, हादसे में मिल सकती है 4 लाख तक की मदद
