मधुबनी: झंझारपुर में अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

मधुबनी के झंझारपुर अनुमंडल में लखनौर और भैरवस्थान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पढ़ें पूरी खबर...

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: लखनौर थाना पुलिस और भैरवस्थान थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक बाइक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

लौफा हाट के पास बड़ी वारदात की साजिश नाकाम

एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि पहली कार्रवाई लखनौर थाना क्षेत्र में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि लौफा हाट के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

सूचना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे, लेकिन खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया गया.

तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलही गांव निवासी रंजन कुमार और जोड़ला गांव निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है.

भैरवस्थान में हथियार खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी

दूसरी कार्रवाई भैरवस्थान थाना क्षेत्र के रैयाम गांव में की गई. पुलिस को अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी.

विशेष टीम ने मनियारी पोखर के पास छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया. तलाशी में एक देशी कट्टा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.

गिरफ्तार युवकों की पहचान दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र निवासी माधव कुमार झा और आदर्श कुमार झा के रूप में हुई है.

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

दोनों मामलों में संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस अब गिरफ्तार युवकों के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच में जुटी है.

एसडीपीओ ने कार्रवाई में शामिल कार्तिक भगत और सत्येंद्र कुमार तिवारी समेत पूरी पुलिस टीम की सराहना की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >