Ladania News: मानसून के दौरान सर्पदंश की बढ़ती आशंका को देखते हुए लदनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ने विशेष तैयारी कर ली है. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सर्पदंश के उपचार के लिए एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) सहित सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं.
अस्पताल में उपलब्ध हैं दवा और प्रशिक्षित चिकित्सक
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार अमन ने बताया कि सर्पदंश के किसी भी मामले में घबराने की जरूरत नहीं है. पीड़ित को बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि सीएचसी में प्रशिक्षित चिकित्सक तैनात हैं और सर्पदंश के इलाज की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं.
झाड़-फूंक में समय गंवाना पड़ सकता है भारी
डॉ. कुमार अमन ने लोगों से अपील की कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के भरोसे न रहें. इससे इलाज में देरी होती है और मरीज की हालत गंभीर हो सकती है.
उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज को सुरक्षित बचाया जा सकता है.
बरसात में बरतें ये सावधानियां
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बारिश के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है. इसके तहत—
- खेत, बगीचे और जलजमाव वाले क्षेत्रों में सावधानी से जाएं.
- रात के समय हमेशा टॉर्च का इस्तेमाल करें.
- घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें.
- झाड़ियों और कचरे का जमाव न होने दें.
सर्पदंश होने पर क्या करें?
स्वास्थ्य केंद्र ने सलाह दी है कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो उसे शांत रखें, अनावश्यक रूप से चलने-फिरने न दें और बिना देर किए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं. इससे गंभीर जटिलताओं का खतरा कम किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
