Harlakhi News: भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं संदिग्ध वित्तीय लेन-देन पर निगरानी के दौरान 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के सी समवाय पीपरौन ने पीपरौन-जठही चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 2,40,670 नेपाली मुद्रा जब्त की. कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया. उसके पास से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
मोटरसाइकिल की डिक्की से मिली नेपाली मुद्रा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा स्तंभ से करीब 20 मीटर भारतीय क्षेत्र में स्थित पीपरौन-जठही चेक पोस्ट पर आसूचना के आधार पर एसएसबी ने भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार को जांच के लिए रोका.
जांच के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से 2,40,670 नेपाली रुपये बरामद हुए. बरामद मुद्रा के संबंध में मांगे गये आवश्यक दस्तावेज वह प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद एसएसबी ने मौके पर नेपाली मुद्रा की विधिवत जांच एवं गिनती कर जब्ती सूची तैयार की.
उमगांव निवासी है पकड़ा गया व्यक्ति
पकड़े गये व्यक्ति की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के उमगांव निवासी अनिरुद्ध कुमार यादव के रूप में हुई है. बरामद नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए हरलाखी थाना को सुपुर्द कर दिया गया.
इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: सकरी थाना निरीक्षण में डीआइजी ने कहा, अपराध नियंत्रण में, पुलिस की कार्यशैली बेहतर
