घोघरडीहा स्टेशन पर 3 जोड़ी ट्रेनों के ठहराव की मांग, 27 सितंबर को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

मधुबनी के घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई है. समिति ने रेल प्रशासन को सात सूत्री मांगें सौंपी हैं. मांगे न मानने पर 27 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा.

मधुबनी: घोघरडीहा रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर मिथिलांचल संघर्ष समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है. समिति ने मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर को ज्ञापन भेजकर सात सूत्री मांगें रखी हैं.

ज्ञापन की मूल प्रति मंगलवार देर शाम घोघरडीहा स्टेशन प्रबंधक को समिति के अध्यक्ष ई. गौरी शंकर यादव, सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल एवं संयोजक सह नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शंकर झा ने संयुक्त रूप से सौंपी. समिति का कहना है कि घोघरडीहा क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है और यहां से बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं. इसके बावजूद स्टेशन पर लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं है.

समिति ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. अब समिति ने रेल प्रशासन से मांगों पर शीघ्र पहल करने की मांग की है.

तीन जोड़ी ट्रेनों के ठहराव की मांग

ज्ञापन में 14627/14628 सहरसा-छरहट्टा ट्रेन, 05735/05736 अमृतसर-कटिहार ट्रेन तथा 14663/14664 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर ट्रेन का घोघरडीहा स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की गई है.

इसके अलावा घोघरडीहा-घोघेपुर नई रेल लाइन के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने, घोघरडीहा स्टेशन की पूर्वी गुमटी से निर्मली-किसनीपट्टी मिलान पथ तक रेलवे संपर्क पथ का निर्माण कराने की मांग भी की गयी है.

समिति ने चिकना रेलवे हॉल्ट पर दानापुर-जोगबनी एक्सप्रेस का ठहराव तथा परसा-बसुआरी हॉल्ट पर बुनियादी यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रखी है.

27 सितंबर को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

समिति ने ज्ञापन में कहा है कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में 27 सितंबर को सुबह 11 बजे से घोघरडीहा रेलवे स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.

समिति ने रेल प्रशासन से आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने से पहले मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

मौके पर अध्यक्ष ई. गौरी शंकर यादव, सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा, रघुनाथ झा राजा, विजय कुमार यादव, दीपक कुमार झा, रंजन कुमार, मुकुंद मिश्रा, मुरारी कुमार, सुमन मिश्रा, गंगा झा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे.

यह भी पढ़ें

PM Kisan के 48 हजार लाभार्थियों को मिलेगा KCC का लाभ, 3 लाख तक का कृषि ऋण सिर्फ 4% ब्याज पर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >