Madhubani News: लदनियां में बिजली विभाग ने बकाया वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान 5 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले 450 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए. वहीं, कनेक्शन कटने के बाद भी बाईपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले 12 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
5 हजार से अधिक बकाया वालों पर कार्रवाई
कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि राजस्व वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत जिन उपभोक्ताओं पर 5 हजार रुपये या उससे अधिक का बिजली बिल बकाया था, उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान कुल 450 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेद किए गए.
बाईपास कर बिजली जलाते मिले 12 उपभोक्ता
बिजली विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि पहले कनेक्शन काटे जाने के बावजूद कुछ उपभोक्ता बाईपास के जरिए अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. ऐसे 12 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया गया है. विभाग ने कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अभियान रहेगा जारी
कनीय विद्युत अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण और राजस्व वसूली के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. विभाग की टीमें नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है.
बकाया बिल जल्द जमा करने की अपील
बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने की अपील की है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा गया है, यदि वे बाईपास कर बिजली का उपयोग करते पाए गए तो उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़: उगना महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग पर DJ और लाउडस्पीकर बैन, श्रावणी मेला को लेकर धारा 163 लागू
