Lakhnaur News: लखनौर थाना क्षेत्र के रुपौली गांव में बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान लखनौर गांव निवासी शत्रुघ्न झा के 25 वर्षीय पुत्र विनय कुमार झा के रूप में हुई है.
बिजली मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विनय कुमार झा रुपौली गांव के एक निजी मकान में बिजली का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद गृहस्वामी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लखनौर लेकर पहुंचे.
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुमंडल अस्पताल, झंझारपुर रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार का सहारा थे विनय
बताया जाता है कि विनय कुमार तीन भाइयों में मंझले थे. उनके बड़े और छोटे भाई गोवा की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि विनय गांव में रहकर बिजली मिस्त्री का काम करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता था. उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
घटना की सूचना मिलने पर लखनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष बेमिशाल कुमार ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और किसी के विरुद्ध कोई लिखित आवेदन भी नहीं दिया. इसके बाद परिजनों ने अपनी इच्छा से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की.
यह भी पढ़ें:
कलुआही में जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
