मधुबनी में समीक्षा बैठक: डीआरडीए के सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त तुषार कुमार की अध्यक्षता में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. बैठक में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर जोर
उप विकास आयुक्त तुषार कुमार ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के साथ कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा.
उन्होंने कहा कि जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनमें तेजी लायी जाए. साथ ही सभी योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि इसका लाभ पंचायत स्तर तक लोगों को मिल सके.
ग्रामीण हाट, आंगनबाड़ी और स्कूलों की भी समीक्षा
बैठक के दौरान प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के साथ ग्रामीण हाट, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों से जुड़े निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं और आधारभूत संरचना से संबंधित काम की प्रगति पर अधिकारियों से जानकारी ली गई.
संबंधित पदाधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
तालाब और चेक डैम निर्माण पर भी फोकस
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत योजना से कराए जाने वाले कार्यों पर भी बैठक में चर्चा हुई. पंचायत स्तर पर तालाबों के जीर्णोद्धार, चेक डैम निर्माण, सोखपिट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़े काम कराने के निर्देश दिए गए.
उप विकास आयुक्त ने इन कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ नियमित अनुश्रवण पर जोर दिया. अधिकारियों से कहा गया कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पीएम आवास योजना की समीक्षा
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त तुषार कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की. इसमें जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए. प्रखंड स्तर पर योजना की प्रगति और क्रियान्वयन से जुड़े बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार राय ने बताया कि योजना के तहत चल रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है. पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
बैठक में सहायक अभियंता आलोक कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें:
मधुबनी के लदनियां में खबर छपते ही एक्शन में आया प्रशासन, हटाया गया जमा कचरा
