Madhubani News: रुद्रपुर थाना क्षेत्र के जलसैन गांव स्थित दुर्गा मंदिर की चंदा राशि हड़पने की नीयत से हत्या की साजिश रचे जाने का पुलिस ने खुलासा किया है. शुक्रवार की देर रात मंदिर के पास से कट्टा के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने साजिश में शामिल मंदिर अध्यक्ष को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है.
Jhanjharpur News: कट्टा के साथ पकड़ा गया शूटर
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस जलसैन स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंची. पुलिस वाहन देखकर दो युवक भागने लगे. घेराबंदी कर जलसैन निवासी धीरज पाठक उर्फ नटवर (22) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी गंगई कामत फरार हो गया. तलाशी के दौरान धीरज के पास से एक देशी कट्टा और दो मोबाइल बरामद किए गए.
पूछताछ में खुला हत्या की साजिश का राज
पूछताछ में धीरज ने बताया कि बरामद कट्टा उसे रुद्रपुर निवासी रमण झा ने दिया था, जो दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष हैं. पुलिस के अनुसार रमण झा ने मंदिर की चंदा राशि हड़पने की नीयत से रुद्रपुर निवासी सौरव शांडिल्य की हत्या कराने की साजिश रची थी. खुलासे के बाद पुलिस ने रमण झा को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
फरार आरोपी की तलाश, सुपारी गैंग पर कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि धीरज पाठक का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. वर्तमान मामले में रुद्रपुर थाना कांड संख्या 84/26 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फरार आरोपी गंगई कामत की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. क्षेत्र में सक्रिय सुपारी गैंग और अवैध हथियार कारोबार पर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: मधुबनी डीएम ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
