बेनीपट्टी. प्रखंड के नगवास पंचायत के पैक्स चुनाव में अध्यक्ष पद पर हुए मतदान का परिणाम गुरुवार देर रात जारी किया गया. मेघदूतम सभागार में शाम करीब 7 बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात 2 बजे तक चली. घोषित मतगणना परिणाम के अनुसार नगवास पैक्स अध्यक्ष पद पर द्रौपदी देवी ने 185 मतों के अंतर से जीत हासिल की. द्रौपदी देवी को कुल 557 मत मिले. वहीं दूसरे स्थान पर रहे उनके निकटतम प्रतिद्वंदी आरके ठाकुर को 372 मत से ही संतोष करना पड़ा. जबकि तीसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी सोनू कुमार सिंह को 297 व चौथे स्थान पर रहे आशीष कुमार झा को महज 62 मत ही मिले. नगवास पंचायत पैक्स अध्यक्ष पद पर इससे पहले द्रौपदी देवी के पुत्र आलोक कुमार सिंह काबिज थे. मतगणना परिणाम जानने के लिए प्रखंड कार्यालय के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही. पल-पल रुझान जानने के लिये समर्थक बेताब दिखे. मतगणना के क्रम में एसडीएम शारंग पाणि पांडेय भी प्रखंड कार्यालय स्थित मेघदूतम सभागार पहुंच मतगणना कार्य का जायजा लिये. आरओ सह बीडीओ महेश्वर पंडित, बीपीआरओ मधुकर कुमार व अन्य पदाधिकारियों की निगरानी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ. कुल चार बूथों पर हुए मतदान के शुरुआती रुझानों में विजयी प्रत्याशी द्रौपदी देवी जहां पहले व दूसरे बूथ के मतगणना में चार उम्मीदवारों में तीसरे स्थान पर थीं, वहीं तीसरे बूथ की मतगणना के बाद द्रौपदी देवी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोनू कुमार सिंह को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर आ गयी. तीन बूथों की मतगणना के बाद द्रौपदी देवी करीब 36 मतों से आरके ठाकुर से पीछे चल रहीं थीं. लेकिन अंतिम व निर्णायक चौथे बूथ की गिनती के बाद पूरा आंकड़ा ही उलट गया. द्रौपदी देवी ने चौथे बूथ पर रिकॉर्ड 286 मत हासिल कीं. वहीं शेष तीन प्रत्याशियों का इस बूथ पर 100 वोट का आंकड़ा भी नही छू सका. आरओ सह बीडीओ महेश्वर पंडित द्वारा परिणाम की घोषणा किये जाने के बाद विजयी प्रत्याशी द्रौपदी देवी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. मतगणना हॉल से निकलते ही उनके पुत्र को उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा जीत का इजहार किये. उधर प्रबंध समिति सदस्य में सामान्य कोटि से राम कृपाल चौधरी, बेबी देवी, अमित कुमार सिंह, वीणा देवी व सविता देवी को विजयी घोषित किया गया. अनुसूचित जाति से सदस्य सुकन पासवान विजयी हुए. अति पिछड़ा कोटि से राम बाबू मुखिया व रूबी देवी विजयी घोषित हुई. 142 मत बोगस घोषित हुए जबकि एक सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
