Madhubani News : स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान से महिला सशक्तीकरण का सपना होगा साकार

महिला स्वास्थ्य सुरक्षा व सशक्तीकरण की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.

मधुबनी.

महिला स्वास्थ्य सुरक्षा व सशक्तीकरण की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. इसके तहत बुधवार 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने की. इस अवसर पर सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान के तहत जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर का आयोजन किया गया. सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपट्टी, सीएचसी लौकही एवं बिस्फी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई थी. अभियान के पहले दिन बुधवार को जिला में 16 हजार से अधिक लोगों को परामर्श, जांच एवं मुफ्त दवा दिया गया. एक पखवारे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में मुख्य रूप से महिलाओं की सभी स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाएगी और उचित परामर्श दिया जाएगा.

शिविर में महिलाओं के लिए ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मुंह, स्तन व गर्भाशय के कैंसर जांच की मुफ्त सुविधा उपलब्ध कराई गई. साथ ही एनीमिया की जांच और मरीजों को इसके बचाव के लिए परामर्श दिया गया. शारीरिक रूप से कमजोर और असुरक्षित महिलाओं के लिए टीबी जांच भी की गई. शिविर में महिलाओं की प्रसव पूर्व देखभाल, परामर्श, मातृ, शिशु सुरक्षा कार्ड का वितरण, बच्चों के लिए टीकाकरण की सुविधा मुहैया कराई गई. शिविर की विशेषता यह है कि इसमें अलग-अलग बीमारियों की इलाज के लिए संबंधित विशेषज्ञ भी मौजूद थे. सीएस ने कहा कि हृदय रोगियों के लिए सदर अस्पताल में कार्डियक डॉक्टर केके झा को हायर किया गया था. मुख्य रूप से स्त्री, नेत्र, चाइल्ड ईएनटी, त्वचा, दंत और मनोरोग के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थिति थे. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किशोरियों एवं महिलाओं के मासिक धर्म पर आधारित सत्र का भी आयोजन किया जाएगा. शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए सभी प्रकार के उपकरण एवं पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध कराई गई है. स्वास्थ्य शिविर में आने वाले लोगों का आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा एप) पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा.

जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ शिविर

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान में जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, एपीएचसी एवं आयुष्मान आयोग मंदिर में शिविर आयोजित किया गया. जिला अस्पताल में 2 अक्टूबर तक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निशुल्क परामर्श दिया जाएगा. जबकि अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर 15 दिनों में कम से कम एक दिन विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को परामर्श दिया जाएगा. शिविर में ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, पैथोलॉजी जांच की निःशुल्क सुविधा मिलेगी. आंख के रोगियों का निशुल्क जांच और चश्मे का वितरण किया जाएगा. निःशुल्क शल्य चिकित्सा की सुविधा और मरीजों को मुफ्त एंबुलेंस सेवा स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिया जाएगा. इस अवसर पर एसीएमओ डाॅक्टर एसएन झा, डीवीबीडीसीओ डॉक्टर डीएस सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आकांक्षा कुमारी, सीडीओ डॉक्टर जीएम ठाकुर, डीपीएम पंकज कुमार मिश्रा, डीसीएम नवीन दास, अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद सहित स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >