Madhubani News: 34 बिहार बटालियन एनसीसी, मधुबनी के नव पदस्थापित कमांडिंग अफसर कर्नल कुसुमाकर झा ने डीएम आनन्द शर्मा से औपचारिक मुलाकात की. इस दौरान जिले में एनसीसी के सुचारु संचालन और नए स्कूलों में एनसीसी यूनिट खोलने को लेकर प्रशासनिक सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. डीएम ने एनसीसी की गतिविधियों के विस्तार में हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया.
नए स्कूलों में NCC यूनिट खोलने पर चर्चा
मुलाकात के दौरान कमांडिंग अफसर कर्नल कुसुमाकर झा ने मधुबनी जिले में एनसीसी के बेहतर संचालन को लेकर जिला प्रशासन के सहयोग की अपेक्षा जतायी. उन्होंने नए-नए स्कूलों में एनसीसी यूनिट खोलने की आवश्यकता पर भी चर्चा की. उनका कहना था कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है.
डीएम ने प्रशासनिक सहयोग का दिया भरोसा
डीएम आनन्द शर्मा ने कर्नल कुसुमाकर झा को एनसीसी के कार्यों में प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को एकता और अनुशासन का पाठ एनसीसी के माध्यम से मिलता है, जो वर्तमान समय में बेहद जरूरी है.
युवाओं को बेहतर नागरिक बनाने में NCC की भूमिका
डीएम ने कहा कि एनसीसी युवाओं को अच्छा और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. संगठन के माध्यम से युवाओं में देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना विकसित होती है. उन्होंने एनसीसी की गतिविधियों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया.
मुलाकात में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर 34 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग अफसर कर्नल कुसुमाकर झा के साथ सूबेदार मेजर बिस्टू थापा एवं एनसीसी एल्युमनी एसोसिएशन के आजीवन सदस्य उदय कुमार झा भी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: अब थैलेसीमिया मरीजों को नहीं खर्च करने होंगे लाखों रुपये, बिहार सरकार देगी मुफ्त बोन मैरो ट्रांसप्लांट
