कमला नदी पुल के नीचे सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, गले और कमर में बंधे थे पत्थर

झंझारपुर के एनएच-27 पर कमला नदी पुल के नीचे एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई है. शव की पहचान नहीं हो पा रही है, हालांकि अस्पताल के एक पट्टे पर नाम अंकित है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Jhajharpur News: एनएच-27 पर स्थित कमला नदी पुल के नीचे सोमवार को नदी किनारे सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव की हालत इतनी विकृत थी कि मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी. सूचना मिलते ही पुल के आसपास लोगों की भीड़ जुट गयी. झंझारपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

गले और कमर में बंधा था ईंट-पत्थर

पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव के पास कई संदिग्ध बातें सामने आयीं. मृतक के गले में गमछे से ईंट बंधी हुई थी, जबकि कमर में पत्थर बांधा गया था. सिर पर एक छेद भी मिला है.

मृतक के बाएं हाथ की कलाई पर अस्पताल का एक पट्टा बंधा हुआ था. पट्टे पर राजू कुमार चौधरी नाम और ID 26086494 लिखा हुआ था. इसके बावजूद शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

अस्पताल के पट्टे पर नाम, फिर भी पहचान बनी पहेली

कलाई पर नाम और आईडी मिलने के बाद पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है कि यह अस्पताल का पट्टा किस मरीज का था. मृतक कौन है और वह कमला नदी के किनारे कैसे पहुंचा, इसका पता अभी नहीं चल पाया है.

पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग जुटाये जा रहे हैं.

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाये और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की.

पुलिस फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और परिस्थितियों का पता चल सकेगा.

हत्या या हादसा, सभी पहलुओं पर जांच

पुलिस हत्या सहित सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है. थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान और मौत का कारण सामने आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें

मधुबनी में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का चांदी के मुकुट से हुआ स्वागत, भाजपा नेता ज्योति झा ने किया सम्मान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >