Madhubani News: नीट पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे को लेकर गुरुवार को झंझारपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनाक्रोश मार्च निकाला. लंगड़ा चौक से शुरू हुए मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बाद में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया.
सरकार पर जवाबदेही तय नहीं करने का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत राज ने किया. कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लंगड़ा चौक पर एकत्र हुए और नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की कथित विफलता के खिलाफ विरोध जताया.
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर डाला है और सरकार अब तक जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने में विफल रही है.
विपक्ष के नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी उठाया मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया. पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक ने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया. प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत राज ने कहा कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की साख से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की.
प्रदर्शन में कौशल राजपूत, भास्कर चौधरी, गजेंद्र कुमार झा, उफत शेख, अरमान शेख, सुनील कुमार झा, सोनू शेख, इंद्रजीत कुमार मंडल, किरण कुमार, संतोष कुमार राणा, सुजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
